संगीत नाट्य अकादमी पुरस्कार से नवाजे जायेंगे, गढरत्न श्री नरेंद्र सिंह नेगी

Spread the love

उत्तराखंड के प्रमुख लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी का नाम यूँ तो किसी परिचय का मोहताज नहीं हैं। गढरत्न श्री नरेंद्र सिंह नेगी के नाम से मशहूर नेगी जी के गीत पहाड़ के लोक संगीत को नई ऊंचाइयां देने और इसे विश्व स्तरीय मंच तक पहुंचाने में अहम योगदान देते हैं। आज भी नरेंद्र सिंह नेगी के गीत बच्चों से लेकर बड़ों की जुबान पर सुनाई दे जाते हैं। नरेंद्र सिंह नेगी को आज प्रतिष्ठित संगीत नाट्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। नई दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान देंगे।

नरेन्द्र सिंह नेगी को वर्ष 2018 के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है। यह कलाकार के लिए देश का सर्वोच्च पुरस्कार है। पारंपरिक लोक संगीत के क्षेत्र में दस कलाकारों का चयन किया गया है, जिनमें नरेंद्र सिंह नेगी भी शामिल हैं। इस सम्मान के तहत उन्हें एक लाख की राशि, अंगवस्त्र और ताम्रपत्र भी दिया जाएगा।
नरेन्द्र सिंह नेगी जी उत्तराखंड राज्य के सबसे पसंदीदा और प्रसिद्ध गायक है। जिन्होंने अपनी आवाज, शब्दों और धुन को एक संगीत रूपी माला में पिरोकर सम्पूर्ण उत्तराखंड का वर्णन किया है। नरेंद्र सिंह नेगी को संगीत नाटक अकादमी की ओर से प्रतिष्ठित ‘अकादमी सम्मान’ के लिए चुना जाना महज व्यक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बोली-भाषा, संस्कृति और लोक परंपराओं का सम्मान है। नेगी उत्तराखंड की लोक संस्कृति के ध्वज वाहक हैं।
इस सम्मान को प्राप्त करने के बाद  12 अप्रैल को नेगी दा अपने साथी कलाकारों के साथ राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के सामने अपने लोकगीतों की प्रस्तुति भी देंगे। इसके अलावा कला और साहित्य जगत की 44 अन्य हस्तियों को भी यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

Spread the love