एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव: नामांकन के पहले दिन गरमाया माहौल, ABVP के तीन प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त
मसूरी: एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन चुनावी माहौल गरमा गया। नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के तीन प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों में नियमों के अनुरूप कमियां पाए जाने पर उन्हें निरस्त कर दिया गया। इसके बाद NSUI समेत अन्य छात्र नेताओं ने कॉलेज परिसर और मुख्य गेट पर हंगामा किया।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, उपाध्यक्ष पद के ABVP प्रत्याशी की उम्र 22 वर्ष चार माह पाई गई, जबकि लिंगदोह सिफारिशों के तहत छात्रसंघ चुनाव में अधिकतम निर्धारित आयु 22 वर्ष है। वहीं, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के दो अन्य ABVP प्रत्याशियों के परिणाम घोषित नहीं होने और क्रेडिट बेस्ड सिस्टम (CBS) की निर्धारित शर्तें पूरी नहीं होने के कारण उनके नामांकन भी प्रारंभिक जांच में निरस्त किए गए।
तीन नामांकन पत्रों के निरस्त होने के बाद फिलहाल उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर एक-एक प्रत्याशी ही मैदान में रहने की स्थिति बन गई है। हालांकि, अंतिम स्थिति नामांकन पत्रों की पूरी जांच और अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें मसूरी छात्र संगठन से मनन, NSUI से विकास सिंह और ABVP से वेदांत थपलियाल शामिल हैं।
वहीं, सचिव पद पर अंकित रौतेला, रिया, प्रियांशु और आशुतोष जोशी ने नामांकन किया है। उपाध्यक्ष पद पर गौरव सिंह गुसाईं, सहसचिव पद पर ईशा और कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी ने नामांकन दाखिल किया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए करिश्मा डुमोगा और संध्या मैदान में हैं।
नामांकन के दौरान हुई नोकझोंक
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कॉलेज परिसर में दो छात्र गुटों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। चुनाव अधिकारी अमिताभ भट्ट और प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में लिंगदोह सिफारिशों का पूरी तरह पालन कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तीन नामांकन पत्रों में कमियां मिलने के बाद उन्हें निरस्त किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी, जिसके बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
29 सितंबर को होगा मतदान
एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के लिए 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध आईडी कार्ड के किसी को भी कॉलेज परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और केवल वैध आईडी के आधार पर ही मतदान की अनुमति होगी।
चुनाव को देखते हुए कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। बाहरी और प्रभावशाली व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मसूरी पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूरी चुनाव प्रक्रिया एसडीएम मसूरी और कॉलेज प्रशासक के निर्देशन में संपन्न कराई जाएगी।
