प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन, मुख्यमंत्री धामी बोले— उत्तराखंड की विकास यात्रा को मिलेगी नई गति
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित किए गए 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून स्थित पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह स्टेशन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेशन परिसर में उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिकता और संस्कृति का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया गया है। साथ ही अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण, सुरक्षा और तकनीकी उन्नयन के साथ-साथ वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक स्वदेशी ट्रेनें देश की नई पहचान बन रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल संपर्क पहुंचाने का सपना भी तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे राज्य के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से प्रदेश आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को विशेष सुविधा प्राप्त हो रही है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट उपलब्ध कराया है, जबकि प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।
