फिर छिड़ी बात फूलों की, आज से पर्यटकों के लिए खुलेगी विश्व धरोहर Valley of Flowers

Spread the love

अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्व विख्यात और यूनेस्को की विश्व धरोहर उत्तराखंड में मौजूद फूलों की घाटी ( Valley of Flowers) बुधवार से पर्यटकों के लिए खुलने जा रही है। फूलों की घाटी एक जून से अक्तूबर तक पर्यटकों के लिए खुली रहेगी और पर्यटकों का इस्तकबाल करेगी।
समुद्रतल से 12995 फीट की ऊंचाई पर चमोली जिले में स्थित विश्व धरोहर फूलों की घाटी है। यहां पर प्राकृतिक रूप से 500 से अधिक प्रजाति के फूल खिलते हैं। फूलों की घाटी जैव विविधिता का खजाना है। इस घाटी को वर्ष 1982 में राष्ट्रीय उद्यान घोषित करने के बाद यूनेस्‍को ने 2005 में इसे विश्व प्राकृतिक धरोहर का दर्जा दिया। फूलों की विभिन्न प्रजातियों को समेटे घाटी में एनीमोन, जेरेनियम, प्राइमुलस, ब्लू पोस्पी और ब्लूबेल शामिल हैं। यहां देखने के लिए सबसे खूबसूरत फूल ब्रह्म कमल है, जिसे उत्तराखंड का राज्य फूल भी कहा जाता है। पूरी घाटी दुर्लभ और विदेशी हिमालयी वनस्पतियों से समृद्ध है।
पर्यटन विभाग के मुताबिक उनकी तैयारियां पूरी हैं और पर्यटकों की सभी जरूरतों का ख्याल रखा जाएगा। सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर बताते हैं कि विभागीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि समुद्रतल से 3962 मीटर ऊंचाई पर यह घाटी 87.5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली है। फूलों की घाटी नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व में आती है। यह जगह कुछ रंगीन और अविश्वसनीय फूलों जैसे गेंदा और ऑर्किड से बसी पड़ी है। इसके अलावा, इस क्षेत्र में पक्षियों, तितलियों और जानवरों को भी काफी अच्छी संख्या में देखा जा सकता है।
घाटी की खोज वर्ष 1932 में ब्रिटिश पर्वतारोही व वनस्पति शास्त्री फ्रैंकस्मित ने की थी। वर्ष 1937 में फ्रैंकस्मित ने वैली आफ फ्लावर नामक पुस्तक लिखकर अपने अनुभवों को दुनिया के सामने रखा। घाटी को यूनेस्को ने 2005 में विश्व धरोहर घोषित किया था। फूलों की घाटी में 17 किलोमीटर लंबा ट्रेक है, जो 10,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित घांघरिया से शुरू होता है। जोशीमठ के पास एक छोटी सी बस्ती गोविंदघाट से ट्रेक के जरिये पहुंचा जा सकता है। फूलों की घाटी में प्रवेश करने के लिए नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान की ओर से ऑफलाइन माध्यम से अनुमति दी जाती है।
यहां सीजन में हर साल देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं।गोविंदघाट नेशनल हाइवे 58 पर स्थित है, जिससे यहां पहुंचना बेहद आसान है। फूलों की घाटी के लिए कोई सीधी फ्लाइट नहीं है। देहरादून में जौलीग्रांट हवाई अड्डे से गोविंदघाट तक टैक्‍सी या कैब किराए पर ले सकते हैं। फूलों की घाटी का निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश है। गोविंदघाट के लिए यहां टैक्सी और बसें उपलब्ध रहती हैं।ऋषिकेश, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, ऊखीमठ, श्रीनगर, चमोली आदि से गोविंदघाट के लिए बसें और टैक्सी आसानी से मिल जाती हैं।

Spread the love