उत्तराखंड में 187 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

Our News, Your Views

उत्तराखंड में 187 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस प्रकार कुल 187 युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति मिली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का दस्तावेज नहीं है, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से होती है।

डेढ़ लाख आवेदनों में 182 अभ्यर्थियों का चयन

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए लगभग डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। उन्होंने कहा कि यह सफलता चयनित युवाओं की प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

जनता की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में पद का अर्थ शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को सम्मान, विश्वास और समयबद्ध समाधान का अनुभव होना चाहिए।

भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और भर्ती परीक्षाओं के प्रति युवाओं का विश्वास मजबूत हुआ है।

उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने 34 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की है। आज 187 और युवाओं के जुड़ने से यह अभियान और मजबूत हुआ है।

युवाओं को राज्य में ही अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता और प्रतिभा के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि रोजगार की तलाश में उन्हें राज्य से बाहर जाने के लिए मजबूर न होना पड़े।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” दोनों को उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी शक्ति बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

विकसित उत्तराखंड के निर्माण में अधिकारियों की भूमिका अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि Narendra Modi ने बाबा केदार की भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। इस संकल्प को साकार करने में नवचयनित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है, लेकिन उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की जिम्मेदारी अधिकारियों और कर्मचारियों की होती है। उन्होंने सभी नवचयनित अधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ईमानदारी और निष्पक्षता से कार्य करने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के साथ राज्य सरकार पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों से संविधान, कानून और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया।


Our News, Your Views