सीएम धामी ने की पिथौरागढ़-मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा हेली सेवाओं की शुरुआत, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

Our News, Your Views

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड की हवाई कनेक्टिविटी को नई उड़ान देते हुए क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़–मुनस्यारी–पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी–अल्मोड़ा–हल्द्वानी हवाई सेवाओं का मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया।

आम जनता को मिलेगा बड़ा लाभ

सीएम धामी ने कहा कि इन सेवाओं के शुरू होने से राज्य के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में आम नागरिकों का आवागमन आसान होगा। उन्होंने बताया कि मुनस्यारी और अल्मोड़ा न सिर्फ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर हैं बल्कि प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन के लिए भी बेहद खास पहचान रखते हैं। अब हेली सेवाओं से पर्यटक और स्थानीय लोग कुछ ही मिनटों में इन स्थानों तक पहुँच पाएंगे।

पर्यटन और आर्थिक विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुँचने में 3-4 घंटे लगते थे, लेकिन नई हेली सेवा से यह दूरी महज़ कुछ मिनटों की रह जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे स्थानीय पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।

उड़ान योजना ने बदली तस्वीर

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना ने प्रदेश की हवाई सेवाओं को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई है। इसके तहत कई हवाई पट्टियों और हेलीपोर्ट्स का विकास किया गया है। वर्तमान में राज्य के 18 हेलीपोर्ट्स में से 12 पर हेली सेवाएँ सफलतापूर्वक शुरू हो चुकी हैं।

अब तक इन क्षेत्रों को जोड़ा गया

हेली सेवाओं से अब तक गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में और भी प्रमुख क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी फोकस

सीएम धामी ने बताया कि प्रदेश को वैश्विक स्तर पर प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विकसित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

सेवा का समय और किराया

नई हेली सेवाओं का संचालन सप्ताह के सातों दिन होगा।

पिथौरागढ़ से मुनस्यारी: सुबह 10:30 बजे एवं दोपहर 1:50 बजे

मुनस्यारी से पिथौरागढ़: सुबह 10:50 बजे एवं दोपहर 2:10 बजे

हल्द्वानी से अल्मोड़ा: सुबह 11:50 बजे एवं दोपहर 3:10 बजे

अल्मोड़ा से हल्द्वानी: दोपहर 12:50 बजे एवं सायं 4:10 बजे

इन सेवाओं का किराया ₹2500 प्रति यात्री होगा, जिसे यात्री https://airheritage.in/
के माध्यम से ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी

कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा आशीष चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Our News, Your Views