चम्पावत में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई ताकत, सीएम धामी ने ACLS एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

Our News, Your Views

चम्पावत में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई ताकत, सीएम धामी ने ACLS एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

टनकपुर (चम्पावत)।
अपनी विधानसभा चम्पावत में स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर से एडवांस कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट (ACLS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अत्याधुनिक एम्बुलेंस के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में अधिक उन्नत और त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।

यह एम्बुलेंस आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस है, जिससे हृदय रोग, सड़क दुर्घटना और अन्य गंभीर आपात स्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित और शीघ्र पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में आधुनिक फेको इमल्सीफिकेशन मशीन का भी लोकार्पण किया। इस मशीन के स्थापित होने से अब मोतियाबिंद समेत विभिन्न नेत्र रोगों का इलाज आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा। इससे मरीजों को उपचार के लिए दूसरे जिलों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और विशेष रूप से बुजुर्गों को बड़ी राहत मिलेगी।

ACLS एम्बुलेंस को Bahahl Paper Mills Limited, काशीपुर द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत उपलब्ध कराया गया है। एम्बुलेंस में एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट सिस्टम सहित कई अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जो गंभीर मरीजों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान करने में सक्षम हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल परिसर में स्थापित नई डायलिसिस मशीन का निरीक्षण भी किया और चिकित्सकों से उसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी वार्ड) का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, त्वरित उपचार और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।


Our News, Your Views