ईंधन बचत को लेकर परिवहन विभाग की एडवाइजरी जारी, जनता से कार पूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील
देहरादून। ईरान-हॉर्मुज संकट के चलते वैश्विक स्तर पर पैदा हुए हालात के बीच केंद्र और राज्य सरकारें अब ईंधन की खपत कम करने पर जोर दे रही हैं। प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील के बाद उत्तराखंड सरकार ने भी इस दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देश पर परिवहन विभाग ने आम जनता के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
परिवहन विभाग के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की बचत से न केवल आम लोगों के खर्च में कमी आएगी, बल्कि विदेशी मुद्रा की बचत होने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। विभाग ने वाहन का माइलेज बढ़ाने और ईंधन की खपत कम करने के लिए कई व्यवहारिक सुझाव जारी किए हैं।
स्मूथ ड्राइविंग और सही गियर का इस्तेमाल जरूरी
विभाग ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे अचानक स्पीड बढ़ाने और तेज ब्रेक लगाने से बचें। सड़क और गति के अनुसार सही गियर का उपयोग करने से इंजन पर दबाव कम पड़ता है और ईंधन की बचत होती है।
ट्रैफिक सिग्नल पर इंजन बंद रखने की सलाह
एडवाइजरी में कहा गया है कि यदि ट्रैफिक सिग्नल या जाम में 30 सेकंड से अधिक रुकना पड़े तो वाहन का इंजन बंद कर देना चाहिए। इससे अनावश्यक ईंधन की बर्बादी रोकी जा सकती है।
टायर प्रेशर और नियमित सर्विसिंग पर जोर
परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से टायरों में सही हवा बनाए रखने और समय-समय पर सर्विसिंग कराने की अपील की है। विभाग के मुताबिक कम हवा वाले टायर और खराब फिल्टर ईंधन की खपत बढ़ा देते हैं।
अतिरिक्त वजन और AC के इस्तेमाल में सावधानी
एडवाइजरी में वाहन में अनावश्यक भारी सामान न रखने और जरूरत के अनुसार ही AC का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार अतिरिक्त वजन और लगातार AC चलाने से माइलेज प्रभावित होता है।
कार पूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा
परिवहन विभाग ने कार पूलिंग की आदत विकसित करने और बस, ट्रेन तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग पर जोर दिया है। विभाग का कहना है कि इससे ट्रैफिक और कार्बन उत्सर्जन दोनों में कमी लाई जा सकती है।
गूगल मैप और क्रूज कंट्रोल के उपयोग की सलाह
विभाग ने लोगों को रश ऑवर में यात्रा से बचने और छोटे व कम भीड़भाड़ वाले रास्तों के लिए Google Maps का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। वहीं ऑटोमैटिक वाहनों में हाईवे पर क्रूज कंट्रोल का उपयोग माइलेज बढ़ाने में सहायक बताया गया है, हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में इसके इस्तेमाल से बचने को कहा गया है।
उप परिवहन आयुक्त शैलेश कुमार तिवारी ने कहा कि ईंधन की बचत आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आम जनता, अधिकारियों और कर्मचारियों के छोटे-छोटे प्रयास भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
