BCCI ने घोषित की भारत की नई टी20 टीम, श्रेयस अय्यर बने कप्तान; वैभव सूर्यवंशी को पहली बार मौका
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम की घोषणा कर दी है। चयन समिति ने बड़ा फैसला लेते हुए श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।
टीम चयन का सबसे चर्चित फैसला पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम से बाहर करना रहा। सूर्यकुमार न केवल कप्तानी से हटाए गए हैं, बल्कि उन्हें आगामी टी20 श्रृंखलाओं के लिए भी टीम में शामिल नहीं किया गया है।
चयनकर्ताओं ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को भी इनाम दिया है। महज 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में मौका मिला है। वैभव ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भी टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि चयन समिति ने संकेत दिए हैं कि भविष्य की योजनाओं और खिलाड़ियों के कार्यभार प्रबंधन को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा कि श्रेयस अय्यर ने अपने प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के दम पर यह जिम्मेदारी हासिल की है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, जिसके चलते चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
इसके साथ ही बीसीसीआई ने एशियन गेम्स 2026 के लिए भी टीम की घोषणा की है, जिसमें जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है। इस टीम की कमान भी श्रेयस अय्यर संभालेंगे।
