केदारनाथ-बद्रीनाथ परियोजनाओं की समीक्षा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉकों के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि तय समय पर कार्य पूरे हो सकें।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को केदारनाथ यात्रा क्षेत्र के लिए व्यापक और एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे के निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यक वित्तीय, तकनीकी और अन्य सहयोग उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया।
बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के सभी कार्यों में तेजी लाने तथा प्रोजेक्ट से जुड़े कंटेंट और आर्ट वर्क को भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में विकसित की जा रही परिसंपत्तियों और सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के लिए पहले से ही स्पष्ट फ्रेमवर्क तैयार किया जाए। उनका कहना था कि यदि संचालन करने वाली संस्थाओं का पूर्व निर्धारण होगा तो परियोजनाओं के हस्तांतरण के बाद रखरखाव और जिम्मेदारियों का निर्धारण आसान हो जाएगा।
बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार सहित संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
