डीएम की पहल से बदली दिव्यांग सुनील की जिंदगी, मिला प्रमाण पत्र, पेंशन, बैंक खाता और व्हीलचेयर
देहरादून। जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई ने एक दिव्यांग व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद जगा दी है। अपर नत्थनपुर निवासी सुनील चन्द्र, जो वर्षों से दिव्यांगता प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे, अब उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मासिक पेंशन, बैंक खाता और निःशुल्क व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सुनील चन्द्र 29 जून को व्हीलचेयर के सहारे समाधान दिवस में पहुंचे और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं और दिव्यांग होने के बावजूद आज तक उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है। इसके कारण उन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने तत्काल अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सुनील चन्द्र को उसी दिन कोरोनेशन अस्पताल ले जाकर उनकी मेडिकल जांच कराई जाए और दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया जाए। साथ ही समाज कल्याण विभाग को आय प्रमाण पत्र बनवाने और पेंशन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमले ने तेजी से कार्रवाई की। मेडिकल परीक्षण के बाद सुनील चन्द्र को 45 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण पत्र जारी किया गया। तहसील प्रशासन के सहयोग से उनका आय प्रमाण पत्र तैयार कराया गया और समाज कल्याण विभाग ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए अगस्त माह से दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कर दी।
कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि सुनील चन्द्र का कोई बैंक खाता नहीं था, जिसके कारण भविष्य में पेंशन भुगतान में समस्या आ सकती थी। इस पर प्रशासन ने इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक से समन्वय स्थापित किया। बैंक कर्मी स्वयं उनके घर पहुंचे और उनके घर पर ही बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके अलावा समाज कल्याण विभाग ने सुनील चन्द्र को निःशुल्क व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई, जिससे उनकी दैनिक जीवन की कठिनाइयों को काफी हद तक कम किया जा सके।
प्रशासन की इस पहल से भावुक हुए सुनील चन्द्र ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और पूरी प्रशासनिक टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से जिन सुविधाओं के लिए वे भटक रहे थे, वे अब उन्हें एक ही पहल में मिल गईं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें महसूस हो रहा है कि सरकारी योजनाएं वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रही हैं।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है और किसी भी जरूरतमंद को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
