नगला तराई की रामलीला में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, बोले- भगवान राम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करें

Our News, Your Views

नगला तराई की रामलीला में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, बोले- भगवान राम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करें

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान राम के जीवन चरित्र और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जीवन हमें सत्य, धर्म, नैतिकता, एकता और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट रखने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ ही केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही अवैध अतिक्रमण और छद्म वेश धारण कर गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, हर घर तक नल से जल और गैस कनेक्शन पहुंचाने जैसे कार्यों से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सैनिकों के कल्याण का जिक्र करते हुए कहा कि देश के सैनिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया है। वहीं, पूर्व सैनिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए वन रैंक, वन पेंशन योजना लागू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम का जीवन हमें मर्यादा, समरसता, त्याग और कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश देता है। हम सभी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने और देश व प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।


Our News, Your Views