अंकिता भंडारी प्रकरण: विनोद आर्या के घर पहुंचीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस से धक्का-मुक्की; ज्योति रौतेला समेत कई हिरासत में

Our News, Your Views

अंकिता भंडारी प्रकरण: विनोद आर्या के घर पहुंचीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस से धक्का-मुक्की; ज्योति रौतेला समेत कई हिरासत में

चैट सार्वजनिक किए जाने के विरोध में प्रदर्शन, महिला कांग्रेस ने विनोद आर्या की गिरफ्तारी की मांग उठाई

हरिद्वार में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व दर्जाधारी मंत्री विनोद आर्या के आवास की ओर कूच किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक दिया। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान ज्योति रौतेला समेत कुछ महिला कार्यकर्ता सड़क पर गिर गईं। पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।

प्रदर्शन को देखते हुए विनोद आर्या के आवास के बाहर पहले से ही पुलिस बल तैनात किया गया था। मंगलवार को महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए उनके घर की ओर बढ़ीं, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के जरिए उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य दोषी पुलकित आर्या के पिता विनोद आर्या ने हाल ही में मीडिया के सामने आकर मामले से जुड़ी कुछ चैट सार्वजनिक की थीं। इसके बाद से ही इन चैट को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से विरोध जताया जा रहा है। पहाड़ी महासभा ने भी सोमवार को विनोद आर्या के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने चैट सार्वजनिक किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह चैट सामने लाकर अंकिता भंडारी की निजता और सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जब मामला न्यायालय में विचाराधीन है, तब इस तरह की सामग्री सार्वजनिक करना उचित नहीं है। ज्योति रौतेला ने विनोद आर्या की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई।

प्रदर्शन के बाद ज्योति रौतेला ने कहा कि महिला कांग्रेस इस मामले को लेकर अपना पक्ष प्रेस क्लब हरिद्वार में प्रेस वार्ता के माध्यम से भी रखेगी।

चैट सार्वजनिक होने के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक विरोध का रूप लेता दिखाई दे रहा है। ऐसे में अंकिता भंडारी प्रकरण एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति और सार्वजनिक विमर्श के केंद्र में आ गया है।


Our News, Your Views