उत्तराखंड में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना

Our News, Your Views

उत्तराखंड में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना

खटीमा से लक्सर तक छठ घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, मुख्य सचिव आनंद बर्धन और सीएम धामी ने भी पर्व में की सहभागिता

उत्तराखंड: लोक आस्था, प्रकृति की उपासना और परिवार की सुख-समृद्धि का प्रतीक छठ महापर्व उत्तराखंड में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रविवार शाम प्रदेश के विभिन्न शहरों और पूर्वांचल बाहुल्य क्षेत्रों में छठ घाटों पर आस्था का नजारा देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, पकवान और प्रसाद से सजे सूप लेकर जल स्रोतों के किनारे पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार की खुशहाली, संतान की दीर्घायु और सुख-शांति के लिए प्रार्थना की गई।

चार दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन घाटों पर शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों, दीपों की रोशनी और पूजा-अर्चना के बीच वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने भी की सूर्य उपासना

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने भी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। उन्होंने छठ पर्व को आस्था, त्याग, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व स्वच्छता, आत्मसंयम और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

खटीमा में छठ घाटों पर उमड़ा जनसमूह

खटीमा के संजय रेलवे छठ घाट पर रविवार शाम बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और उनके परिजन पहुंचे। शाम करीब चार बजे से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाओं ने फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद के साथ सूर्य देव की पूजा की। यहां पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली।

खटीमा के अलावा मेलाघाट, 22 पुल, खेलड़िया, झाऊ परसा, नौसर, सरपुड़ा बग्गा, हल्दी घेरा, मोहम्मदपुर भुड़िया, दियां, खस्सीबाग और भगचुरी समेत कई क्षेत्रों में भी छठ पर्व की रौनक रही। पर्व में पर्वतीय समाज की महिलाओं ने भी भागीदारी कर सांस्कृतिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।

लक्सर में भी घाटों पर भक्ति और उत्सव का माहौल

लक्सर में भी छठ पूजा धूमधाम से मनाई गई। तालाबों, पोखरों और मोहल्लों में बनाए गए अस्थायी जलकुंडों को रोशनी और सजावट से आकर्षक रूप दिया गया। शुगर मिल, जेके टायर फैक्ट्री, कोतवाली मोड़ और आसपास के गांवों में छठ समितियों एवं स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पेयजल की व्यवस्था की।

व्रती महिलाएं निर्जला उपवास रखकर छठी मैया और सूर्य देव की आराधना में जुटी रहीं। घाटों पर गूंजते छठ गीतों ने पर्व के माहौल को और खास बना दिया।

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा समापन

छठ पर्व के पहले दिन 13 नवंबर को नहाय-खाय, दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना और तीसरे दिन 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाई गई। सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी और चार दिवसीय महापर्व संपन्न होगा।

मान्यता है कि सूर्य देव और छठी मैया की सच्चे मन से आराधना करने पर परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान को स्वास्थ्य एवं दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु हर वर्ष कठिन नियमों और पूरी पवित्रता के साथ इस पर्व को मनाते हैं।


Our News, Your Views