उत्तराखंड में मतदाता सूची सुधार अभियान तेज, अब तक 50 हजार फार्म-6 और 43 हजार फार्म-8 जमा; 4 जनवरी को आएगी अंतिम सूची

Our News, Your Views

उत्तराखंड में मतदाता सूची सुधार अभियान तेज, अब तक 50 हजार फार्म-6 और 43 हजार फार्म-8 जमा; 4 जनवरी को आएगी अंतिम सूची

देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत अब तक करीब 1.01 लाख आवेदन निर्वाचन विभाग को मिल चुके हैं। इनमें नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए लगभग 50 हजार फार्म-6, नाम हटाने के लिए करीब 8 हजार फार्म-7 और मतदाता सूची में संशोधन के लिए लगभग 43 हजार फार्म-8 शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को देहरादून में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों से जुड़ी गलतियों को ठीक करने के लिए दावा और आपत्ति दर्ज कराने की निर्धारित अवधि तक अभियान जारी रहेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से भी मतदाताओं के विवरण में सुधार के लिए फार्म-8 भरवाएं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को गलत जानकारी के कारण परेशानी न हो।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिन मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, उन्हें डुप्लीकेट एंट्री (DSE) के माध्यम से चिह्नित किया जाएगा। ऐसे मामलों की नियमानुसार जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

11 दिसंबर तक दर्ज होंगी दावे और आपत्तियां

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उत्तराखंड में 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक इनकी सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्वाचन विभाग 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करेगा।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

बैठक में निर्वाचन विभाग की ओर से SSR अभियान की प्रक्रिया और अब तक हुई प्रगति का प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और बूथ स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करने का आग्रह किया।

इस बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा से राजकुमार पुरोहित और अरविंद जैन, कांग्रेस से मनोज रावत, बसपा से सतेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी से सीपी सिंह तथा माकपा से अनंत आकाश मौजूद रहे।


Our News, Your Views