चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 34 दिनों में 20 लाख के करीब पहुंचे श्रद्धालु

Our News, Your Views

चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 34 दिनों में 20 लाख के करीब पहुंचे श्रद्धालु

देहरादून। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। चारों धामों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं, हालांकि प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुचारु होने से यात्रा व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। शुक्रवार को रिकॉर्ड 89 हजार 079 श्रद्धालुओं ने चारधामों में दर्शन किए।

यात्रा के 34 दिनों में कुल दर्शनार्थियों की संख्या 19 लाख 80 हजार 437 तक पहुंच गई है, जबकि केदारनाथ धाम में अब तक 7 लाख 82 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

राज्य सरकार ने उच्च हिमालयी क्षेत्र में संचालित यात्रा को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा है। पुष्कर सिंह धामी ने शीर्ष अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जाए।

सरकार के कुशल यात्रा प्रबंधन के चलते चारधाम यात्रा में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को हुआ था और 22 मई तक कुल 19,80,437 श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं।

आंकड़ों के अनुसार अब तक केदारनाथ धाम में 7,82,136, बद्रीनाथ धाम में 5,24,218, गंगोत्री धाम में 3,34,265 और यमुनोत्री धाम में 3,39,818 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

शुक्रवार को एक दिन में सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां 30,218 यात्रियों ने दर्शन किए। वहीं बद्रीनाथ धाम में 27,992, यमुनोत्री धाम में 16,201 और गंगोत्री धाम में 14,668 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात नियंत्रण और मौसम निगरानी को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।


Our News, Your Views