राजाजी टाइगर रिजर्व में मंत्री पुत्र की शादी पर विवाद, बिना अनुमति तैयारियों पर कार्रवाई

Our News, Your Views

राजाजी टाइगर रिजर्व में मंत्री पुत्र की शादी पर विवाद, बिना अनुमति तैयारियों पर कार्रवाई

हरिद्वार में स्थित राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज के अंतर्गत सुरेश्वरी देवी मंदिर में प्रस्तावित एक शादी समारोह को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। उत्तराखंड सरकार के एक कैबिनेट मंत्री के बेटे की शादी 26 अप्रैल (रविवार) रात को प्रस्तावित थी, लेकिन आरक्षित वन क्षेत्र में की जा रही तैयारियों पर पर्यावरण प्रेमियों और आम लोगों ने सवाल उठाए।

आरक्षित क्षेत्र में शादी की तैयारी, उठे सवाल

घने जंगलों के बीच स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर में एक दिन पहले से ही बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू हो गई थीं। ट्रकों के जरिए टेंट, कुर्सियां और अन्य सामान मंदिर परिसर तक पहुंचाया गया। आरक्षित क्षेत्र में अचानक बढ़ी गतिविधियों और पंडाल लगाए जाने की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

यह क्षेत्र हाथी और गुलदार जैसे वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है, जहां सामान्यतः केवल पूजा-अर्चना और भंडारे जैसे सीमित धार्मिक आयोजन ही किए जाते हैं।

बिना अनुमति तैयारियां, बाद में प्रशासन हरकत में

सूत्रों के अनुसार, राजाजी टाइगर रिजर्व में किसी भी प्रकार के बड़े आयोजन की अनुमति नहीं दी जाती। इसके बावजूद बिना अनुमति शादी की तैयारियां होती रहीं। मामला मंत्री परिवार से जुड़ा होने के कारण स्थानीय स्तर पर शुरुआत में कोई रोक-टोक नहीं की गई।

हालांकि जैसे ही मामला तूल पकड़ने लगा, पार्क प्रशासन सक्रिय हुआ। गेट बंद कर दिया गया और मंदिर परिसर में लगाए गए पंडाल व अन्य साज-सज्जा को हटवा दिया गया।

अधिकारियों का बयान

राजाजी टाइगर रिजर्व के वार्डन अजय लिंगवाल ने बताया कि रिजर्व क्षेत्र में शादी समारोह की अनुमति नहीं दी जा सकती। बिना अनुमति की जा रही तैयारियों को तुरंत हटाया गया है। अब केवल पारंपरिक पूजा-अर्चना और फेरों की रस्म ही सीमित रूप में संपन्न कराई जाएगी।

वहीं पीसीसीएफ (हॉफ) रंजन मिश्र ने कहा कि कोर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का आयोजन पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इतना सामान वहां तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।

मंदिर समिति पर मुकदमा दर्ज

वन विभाग ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में मंदिर समिति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।


Our News, Your Views