देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों की विभिन्न खेल स्पर्धाएं जोर-शोर से चल रही हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने न केवल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया बल्कि उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर इतिहास रच दिया है। इन खेलों में 35 अलग-अलग स्पर्धाओं में देशभर से करीब 10,000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं और 3,674 पदकों के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खेलों के दौरान उत्तराखंड ने वुशु प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया, जहां राज्य ने एक स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक जीतकर अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड कायम किया।
वुशु में उत्तराखंड की ऐतिहासिक सफलता—
पांच दिन चली मार्शल आर्ट प्रतियोगिता वुशु में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य की बेटी ज्योति वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर पहला पदक दिलाया, जिसके बाद अचोम तपस ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। इलाबाम इटाली चानू, फेब्रिस देवी और हर्षित शर्मा ने रजत पदक जीतकर राज्य को राष्ट्रीय पदक तालिका में शीर्ष 11 में पहुंचा दिया।
गौरतलब है कि 2023 में गोवा में हुए राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को वुशु में केवल एक कांस्य पदक मिला था, जिसे हर्षित शर्मा ने जीता था। इस बार उन्होंने राज्य के लिए रजत पदक जीतकर एक नई उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला—
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम का दौरा किया। उन्होंने वहां भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया, खिलाड़ियों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेलों में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि खिलाड़ियों और आगंतुकों को हर संभव सुविधा मिले।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “राष्ट्रीय खेलों का आयोजन उत्तराखंड के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। हमारा प्रयास है कि सभी खिलाड़ी देवभूमि से अच्छा अनुभव लेकर जाएं और यहां की खेल सुविधाओं का लाभ उठाएं।” उन्होंने यह भी बताया कि हर राज्य के खिलाड़ियों के लिए उनके क्षेत्रीय खानपान के अनुसार भोजन की व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई—
28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी टीम को इस बेहतरीन आयोजन के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब सालभर कई खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर रहा है, जिसमें यूथ गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स और पैरालंपिक गेम्स शामिल हैं। खेलो इंडिया सीरीज के तहत भी नए टूर्नामेंट जोड़े जा रहे हैं, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने लद्दाख में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स और बीच गेम्स का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत में खेलों को लेकर एक नई सोच विकसित हो रही है। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र काशी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां हर साल करीब 2.5 लाख युवा खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, जो भारतीय खेल संस्कृति में बढ़ते अवसरों का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय खेलों को देश की प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए कहा कि खेलों में उत्कृष्टता से भारत की छवि मजबूत होती है।
उत्तराखंड के आठ जिलों में हो रहे हैं राष्ट्रीय खेल—
38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष के दौरान किया जा रहा है। इन खेलों का आयोजन 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उत्तराखंड के आठ जिलों के 11 शहरों में किया जा रहा है। इस आयोजन से न केवल राज्य की खेल संरचना को मजबूती मिलेगी बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर भी प्राप्त होगा।
राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और उत्तराखंड के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से राज्य का नाम खेल इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है।