नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड धंसने पर बड़ी कार्रवाई, तीन इंजीनियर निलंबित

Our News, Your Views

नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड धंसने पर बड़ी कार्रवाई, तीन इंजीनियर निलंबित

देहरादून। नंदा की चौकी के पास टोंस नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड धंसने के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। प्रथम दृष्टया लापरवाही और पर्यवेक्षण में शिथिलता पाए जाने पर प्रांतीय खंड देहरादून के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि 28 जुलाई को नंदा की चौकी स्थित टोंस नदी पुल की एप्रोच रोड धंस गई थी। घटना के बाद लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। मामले की जांच के लिए मुख्य अभियंता को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिन्होंने तीन अगस्त को अपनी जांच रिपोर्ट शासन को उपलब्ध करा दी थी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन ने अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सहायक अभियंता अमित त्यागी और कनिष्ठ अभियंता नवीन गैरोला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शासन की ओर से जारी आदेश में तीनों अधिकारियों के खिलाफ दीर्घ शास्ति की कार्रवाई किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों ने तकनीकी निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुबंधीय शर्तों के अनुपालन तथा अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। प्रथमदृष्टया यह पाया गया कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक पर्यवेक्षण और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं किया गया।

शासन ने लोक निर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष को भी निर्देश दिए हैं कि पुल परियोजना से जुड़े डिजाइन कंसलटेंट के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इससे स्पष्ट है कि सरकार इस मामले में जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के पक्ष में है।

एप्रोच रोड धंसने की घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। अब शासन की कार्रवाई को जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Our News, Your Views