“उत्तराखंड में फिर बरसेगा मानसून का कहर, तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट”

Our News, Your Views

“उत्तराखंड में फिर बरसेगा मानसून का कहर, तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट”

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 9 अगस्त से 11 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में तेज से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

10 अगस्त को भी मौसम का मिजाज खराब बना रहेगा। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश जनजीवन को प्रभावित कर सकती है।

11 अगस्त को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।

मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में खतरा बढ़ सकता है। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने से सड़कें, राजमार्ग और पुल प्रभावित हो सकते हैं।

प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।


Our News, Your Views