देहरादून से NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले का आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान SOG अपने साथ ले गई
Rajasthan में सामने आए NEET-UG 2026 Examination पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान एसओजी ने Dehradun से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश निवासी झुंझुनूं, राजस्थान के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से देहरादून में छिपा हुआ बताया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार राजस्थान एसओजी को जांच के दौरान इनपुट मिला था कि पेपर लीक मामले में वांछित आरोपी देहरादून में मौजूद है। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने देहरादून पुलिस से संपर्क कर आरोपी से संबंधित सूचनाएं साझा कीं। राजस्थान पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर देहरादून पुलिस ने डालनवाला थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि युवक को थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद इसकी सूचना राजस्थान एसओजी को दी गई। रविवार को देहरादून पहुंची एसओजी टीम ने आरोपी राजेश को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया और उसे अपने साथ राजस्थान ले गई।
देहरादून से हुई इस गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। इससे पहले राजस्थान में जांच कर रही टीम झुंझुनूं से 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में यह भी सामने आया है कि सीकर में मिले एक कथित ‘गेस पेपर’ के सौ से अधिक प्रश्न इस वर्ष की NEET परीक्षा में पूछे गए थे।
हालांकि National Testing Agency ने शुरुआती स्तर पर पेपर लीक की आशंकाओं से इनकार किया है। फिलहाल राजस्थान में एटीएस और एसओजी की संयुक्त टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
