उत्तराखंड का युवा ही विकसित राज्य और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री धामी
रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिभा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ माना गया है। इसी सोच के तहत शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और अवसरों की तलाश में पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयास युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के अवसर प्रदान कर रहे हैं। इसके अलावा स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी पहलें भी नए रोजगार सृजित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बन रहा है और युवा अपने अनुभव एवं कौशल के साथ वापस लौटकर उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं।
युवाओं के हितों की रक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके कारण भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवनों के निर्माण और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिससे रोजगार और निवेश के अवसर बढ़े हैं।
युवाओं से सीधा संवाद, विभिन्न मुद्दों पर दिए जवाब
‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधा संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए।
भुनेश गोयल द्वारा युवाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और शासन-प्रशासन में भागीदारी को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रुड़की विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार की भूमि है तथा राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने दोहराया कि अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।
रीया वंदना द्वारा सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंचार का प्रभावी माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए साइबर सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं सोनालिका द्वारा वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेले को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के निर्माण एवं विस्तार के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले में ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी प्रणाली भी लागू की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
