चारधाम यात्रा: 47 दिनों में गंगोत्री-यमुनोत्री पहुंचे 10 लाख से अधिक श्रद्धालु, पिछले वर्ष से 7.5% बढ़ी संख्या

Our News, Your Views

चारधाम यात्रा: 47 दिनों में गंगोत्री-यमुनोत्री पहुंचे 10 लाख से अधिक श्रद्धालु, पिछले वर्ष से 7.5% बढ़ी संख्या

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के अंतर्गत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। यात्रा के शुरुआती 47 दिनों में ही दोनों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष यात्रियों की संख्या में लगभग 7.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 19 अप्रैल से प्रारंभ हुई यात्रा के तहत 4 जून तक गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 10,15,852 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वर्ष 2025 की समान अवधि में यह संख्या 9,44,804 थी। इस प्रकार इस वर्ष अब तक 71,048 अधिक श्रद्धालु दोनों धामों तक पहुंच चुके हैं।

आंकड़ों के अनुसार यमुनोत्री धाम में 4,98,367 श्रद्धालुओं तथा गंगोत्री धाम में 5,17,485 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है और दोनों धामों में दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।

यात्रा अवधि में अब तक कुल 99,165 वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया है, जिनमें 74,365 छोटे तथा 24,800 बड़े वाहन शामिल हैं। बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन एवं सतत संवाद के संकल्प के अनुरूप उत्तरकाशी पुलिस यात्रा को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में जुटी हुई है। यात्रा मार्गों से लेकर धामों तक सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रा की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। बेहतर संचालन के लिए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम क्षेत्रों को दो सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने पर बना हुआ है।


Our News, Your Views