उत्तराखंड में सोमवार से शुरू होगा मतदाता गणना फार्म वितरण अभियान, 7 जुलाई तक चलेगा विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम
देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार, 8 जून से प्रदेशभर में मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का कार्य शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सहयोग करने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत राज्य के प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाया जाएगा। आगामी 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर इन फार्मों को एकत्र करेंगे तथा बीएलओ ऐप के माध्यम से उनका डिजिटलीकरण किया जाएगा।
‘बुक ए कॉल विद BLO’ फीचर की सुविधा
उन्होंने बताया कि जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, वे “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए मतदाता ECI की वेबसाइट या ECI-Net मोबाइल ऐप के माध्यम से कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।
यदि किसी घर पर पहली बार में मतदाता उपलब्ध नहीं मिलता है, तो बीएलओ तीन बार वहां जाएगा। साथ ही घर पर स्टिकर लगाकर अगली विजिट की तिथि और अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करेगा, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर सकें।
पासपोर्ट साइज फोटो रखने की अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। हालांकि, 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर चलने वाले इस अभियान के दौरान मतदाताओं से किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन विभाग के अनुसार 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। वहीं 14 जुलाई से 11 सितंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ECI-Net ऐप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर उसे भरकर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। वहीं नए पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकते हैं, जिस पर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के दौरान विचार किया जाएगा।
