दयारा बुग्याल ट्रेक पर लापता युवती की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से भी चलाया गया सर्च अभियान
उत्तरकाशी: दयारा बुग्याल ट्रेक पर लापता हुई युवती की तलाश के लिए पुलिस और विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। युवती का सुराग लगाने के लिए जमीनी और हवाई दोनों स्तरों पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, निम (NIM), राजस्व विभाग तथा वन विभाग की संयुक्त टीमें दयारा बुग्याल एवं आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर रही हैं। अभियान के तहत जंगलों, गहरी खाइयों, गदेरों, चट्टानों के बीच स्थित छोटे-छोटे उड्यारों (गुफानुमा स्थानों), झाड़ियों और अन्य संभावित स्थानों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
प्रशासन द्वारा खोज अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए 7 जून 2026 को युकाडा के हेलीकॉप्टर की सहायता से दयारा ट्रेक मार्ग एवं आसपास के पूरे क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी कराया गया। हेलीकॉप्टर के माध्यम से दुर्गम इलाकों में गहन सर्च अभियान संचालित किया गया, जहां जमीनी टीमों की पहुंच सीमित है।
इस अभियान की लगातार निगरानी पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय कर रहे हैं। उनके निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार घटना की सूचना मिलने के बाद से ही दयारा ट्रेक क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं और स्वयं खोज एवं बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि युवती की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है और जब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल जाती, तब तक खोज अभियान जारी रहेगा।
