रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा टला: केदारनाथ जा रही XUV-700 नदी में गिरी, पांच श्रद्धालुओं को SDRF ने बचाया

Our News, Your Views

दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल, सभी यात्री पश्चिम बंगाल से चारधाम यात्रा पर निकले थे

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान रविवार सुबह रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। केदारनाथ धाम जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे में सवार पांच यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जिला कंट्रोल रूम को सुबह सूचना मिली कि तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में नदी किनारे पानी में जा गिरा है। सूचना मिलते ही चौकी तिलवाड़ा और कोतवाली अगस्त्यमुनि से पुलिस बल आवश्यक राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचा। साथ ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन महिंद्रा एक्सयूवी-700 (वाहन संख्या यूपी16-डीके-0856) था, जिसमें कुल पांच लोग सवार थे। सभी यात्री पश्चिम बंगाल से केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे थे। वाहन नदी किनारे पानी में फंस गया था, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने तत्काल अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दो महिला यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें बताई गई हैं। वहीं चालक समेत तीन अन्य पुरुष यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

घायलों की पहचान प्रिंस सिंह (30 वर्ष) निवासी पलामू, झारखंड, सभीमा सिंह (28 वर्ष) निवासी पश्चिम बंगाल, सुजोन मुखर्जी (27 वर्ष) निवासी राजगंज, जलपाईगुड़ी, ऋजा मुखर्जी (30 वर्ष) निवासी राजगंज, जलपाईगुड़ी तथा वाहन चालक प्रदीप कुमार (35 वर्ष) निवासी औरैया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस और राहत एजेंसियों की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बचाई जा सकी।


Our News, Your Views