धामी सरकार ने धीरेंद्र पंवार को दिया बड़ा दायित्व, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष नियुक्त

Our News, Your Views

धामी सरकार ने धीरेंद्र पंवार को दिया बड़ा दायित्व, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष नियुक्त

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता धीरेंद्र पंवार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठन के प्रति उनकी दीर्घकालिक निष्ठा, सक्रियता और जनसरोकारों से जुड़े कार्यों का सम्मान माना जा रहा है।

धीरेंद्र पंवार उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के कार्यकाल में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के रूप में कार्य कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने शासन और जनता के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

कोरोना महामारी के दौरान डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में क्वारंटाइन सेंटरों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए भी धीरेंद्र पंवार सक्रिय रहे। स्थानीय स्तर पर उनकी कार्यशैली और जनसंपर्क को विशेष रूप से सराहा जाता रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि धीरेंद्र पंवार की सबसे बड़ी ताकत उनका मजबूत जनसंपर्क और संगठन के प्रति समर्पण है। सरकार और संगठन में बदलाव के बावजूद वे लगातार पार्टी गतिविधियों और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय बने रहे। कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन पर भरोसा जताया है।

उनकी नियुक्ति के बाद सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों का सिलसिला जारी है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इसे संगठन के समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों और संगठनात्मक मजबूती के दृष्टिकोण से यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा और संगठन को भी मजबूती मिलेगी।


Our News, Your Views