मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करें राजनीतिक दल, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची: आयुक्त
भगवानपुर/हरिद्वार। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सभागार भगवानपुर में विधानसभा क्षेत्र-28 भगवानपुर के विधायक एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने में सहयोग देने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके बाद 14 अगस्त से 11 सितंबर 2026 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का परीक्षण एवं निस्तारण किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद हरिद्वार की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जा चुका है। मतदाता सूची बीएलओ, तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। पात्र नागरिक अपने नाम जुड़वाने के लिए निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से बीएलओ के पास आवेदन कर सकते हैं या ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी हो, वह संबंधित क्षेत्र से स्थानांतरित हो गया हो या मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि हो, तो उसके संशोधन या विलोपन के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार जनपद हरिद्वार में कुल 12 लाख 46 हजार 219 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 6 लाख 64 हजार 795 पुरुष, 5 लाख 81 हजार 323 महिला तथा 101 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
आयुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों तथा ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची का भी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों से उपलब्ध कराई गई सूचियों का अध्ययन कर समयबद्ध रूप से सुझाव और आपत्तियां प्रस्तुत करने का अनुरोध किया, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिमुक्त बनाने के लिए सभी बीएलओ और एईआरओ के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। प्राप्त आपत्तियों और शिकायतों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय और तहसीलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। अब तक प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जा चुका है।
बैठक में निर्वाचन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
