Advt.
Advt.
Advt.

बदरीनाथ धाम में DJ विवाद के बाद प्रशासन सख्त, धार्मिक स्थलों के आसपास हाई वॉल्यूम साउंड पर रोक

Our News, Your Views

बदरीनाथ धाम में DJ विवाद के बाद प्रशासन सख्त, धार्मिक स्थलों के आसपास हाई वॉल्यूम साउंड पर रोक

चमोली: बदरीनाथ धाम में हाल ही में हुए डीजे विवाद के बाद चमोली प्रशासन ने धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट गौरव कुमार ने जिले के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के आसपास उच्च आवृत्ति वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।

प्रशासन के नए आदेश के अनुसार ऐसे किसी भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे धार्मिक या सांस्कृतिक स्थलों की गरिमा प्रभावित होती हो। धार्मिक स्थलों के आसपास होने वाले आयोजनों पर अब स्थानीय प्रशासन की निगरानी भी रहेगी।

कार्यक्रम से पहले लेनी होगी अनुमति

धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के आसपास किसी भी तरह का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संबंधित प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम की अनुमति संबंधित उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट की ओर से सभी पहलुओं की जांच के बाद ही जारी की जाएगी।

प्रशासन की ओर से आयोजन स्थल, कार्यक्रम की प्रकृति, ध्वनि व्यवस्था और धार्मिक स्थल की गरिमा पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए अनुमति देने की बात कही गई है।

नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले आयोजक मंडल या आयोजन समिति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर शांति और अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान की गरिमा को सुरक्षित रखना है।

बदरीनाथ धाम में सामने आए डीजे विवाद के बाद जारी इन निर्देशों को प्रशासन की ओर से धार्मिक स्थलों के आसपास होने वाले आयोजनों को लेकर सख्ती बढ़ाने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है।


Our News, Your Views