Advt.
Advt.
Advt.

उत्तरकाशी में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन सफल, कालिंदी पास और ऑडिन कोल से 40 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले गए

Our News, Your Views

उत्तरकाशी में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन सफल, कालिंदी पास और ऑडिन कोल से 40 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले गए

उत्तरकाशी। उच्च हिमालयी क्षेत्र में चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान के तहत प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए कालिंदी पास बेस और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से कुल 40 ट्रेकर्स एवं अभियान सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 11 सदस्यों का रेस्क्यू किया गया, जबकि ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से 29 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया। सभी रेस्क्यू किए गए सदस्यों को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में प्रशासन, आपदा प्रबंधन और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें लगातार समन्वय बनाकर कार्य कर रही हैं। हर्षिल सहित विभिन्न पड़ावों पर तैनात टीमें अभियान की निगरानी के साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

सोमवार शाम जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अभियान में जुटी सभी टीमों को पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य जारी रखने के निर्देश दिए ताकि शेष आवश्यक गतिविधियां भी समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सकें।

इस दौरान जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विभिन्न सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं तथा ट्रेकर्स और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Our News, Your Views