हरिद्वार से भाजपा फूंकेगी चुनावी बिगुल, 21-22 नवंबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक; राजनाथ सिंह देंगे जीत का मंत्र
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने तेज की गतिविधियां, सह प्रभारी अरविंद मेनन बोले- हरिद्वार से भरेगा चुनावी रणनीति का जहाज
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में पार्टी की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होने जा रही है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी इस बैठक में शामिल होंगे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे। भाजपा इस बैठक को आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है।
बैठक की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पहले दिन होने वाली संयुक्त मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठक को लेकर उनके प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश महामंत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, दूसरे दिन की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने वाले पदाधिकारियों, विधायकों, दायित्वधारियों और निकाय एवं पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों तक सभी जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा ने राज्य गठन के बाद अधिकांश विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की है। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के कार्यों एवं उपलब्धियों को पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनाना जरूरी है। मेनन ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हरिद्वार से भाजपा की चुनावी रणनीति का जहाज भरेगा और इसकी जीत की गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई देगी।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार ने लगभग पांच वर्षों में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। अब अगले तीन महीनों में इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि भले ही प्रदेश का माहौल भाजपा के अनुकूल दिखाई दे रहा हो, लेकिन पार्टी किसी भी चुनौती को हल्के में नहीं लेगी। उन्होंने विपक्षी दलों के एकजुट होकर चुनाव लड़ने की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ऐसी हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।
भट्ट ने विश्वास जताया कि प्रदेश कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन पार्टी की चुनावी संभावनाओं को और मजबूत करेगा।
वहीं, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने विभिन्न मोर्चों के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण अभियान को तेजी से आगे बढ़ाते हुए शक्ति केंद्र स्तर पर इसे जल्द पूरा करने का आह्वान किया।
समीक्षा बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
