उत्तराखंड के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट से फैली थी दहशत
देहरादून। सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच और साइबर विश्लेषण के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक धमकी भरी पोस्ट तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट से उड़ाने की बात कही गई थी। इस पोस्ट के प्रसार से आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया था तथा लोक शांति भंग होने की आशंका बढ़ गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर देहरादून में मुकदमा संख्या 222/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 353 तथा आईटी एक्ट की धारा 66एफ के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने डिजिटल फुटप्रिंट्स, साइबर ट्रेल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी सर्विलांस की सहायता से आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया गया। पुलिस ने 28 जून 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित भूसा स्टोर वाली गली के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह पुत्र स्वर्गीय जोगिन्द्र सिंह निवासी कोतवाली बाजार सराय, थाना कोतवाली नगर, जिला अम्बाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका उपयोग कथित रूप से धमकी भरे संदेश प्रसारित करने के लिए किया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ समय पूर्व चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। सोशल मीडिया पर इस घटना से संबंधित वीडियो और रील्स देखने के बाद उसने उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने और लोगों में डर का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी “Jaspreet-devil” से 25 जून 2026 को धमकी भरी पोस्ट साझा की थी।
पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत, उपनिरीक्षक कमल सिंह रावत, सहायक उपनिरीक्षक राजेश शाह तथा कांस्टेबल लोकेन्द्र, नरेन्द्र और इफ्तकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
देहरादून पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की धमकीपूर्ण, भ्रामक अथवा दहशत फैलाने वाली सामग्री साझा करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई प्रत्येक गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है और ऐसे मामलों में साइबर एवं तकनीकी टीमें लगातार निगरानी रखती हैं। कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
