उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी, सात जिलों में बारिश-तूफान का अलर्ट; रुद्रप्रयाग में अतिवृष्टि से भारी नुकसान

Our News, Your Views

उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी, सात जिलों में बारिश-तूफान का अलर्ट; रुद्रप्रयाग में अतिवृष्टि से भारी नुकसान

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार तल्ख बना हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी सात जिलों के लिए बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने विभिन्न जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 4,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग ने रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी दी है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज और चमक के साथ तेज बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

रुद्रप्रयाग में अतिवृष्टि से नुकसान

इधर, रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र में बुधवार शाम हुई अतिवृष्टि ने कई गांवों में नुकसान पहुंचाया। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत खलियाण बांगर और पुजार गांव में भारी बारिश के बाद गदेरों में अचानक तेज बहाव आने से मलबा और बोल्डर आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच गए।

पुलिस और प्रशासन की टीमें सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुजार गांव में बलिहारी और रौण्ड गदेरों के उफान पर आने से रामचंद्र भट्ट और प्रकाश भट्ट के आवासीय परिसरों में भारी मात्रा में मलबा भर गया। वहीं बुरांश गदेरे के उफान से खिलानंद भट्ट, राकेश भट्ट और सतीश भट्ट की कृषि भूमि का कुछ हिस्सा बह गया।

अतिवृष्टि के कारण भानु प्रसाद भट्ट की गौशाला के पीछे बड़े-बड़े बोल्डर जमा हो गए। खलियाण गांव में रामचंद्र भट्ट की पुस्तक भंडार एवं प्रोविजन स्टोर के पीछे भी भारी मात्रा में मलबा और पत्थर जमा होने से नुकसान हुआ।

बारिश के चलते बुरांश गदेरे पर बनी दो पुलियाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं जखोली-बधानीताल मोटर मार्ग और पुजारगांव-कुरछौला मार्ग पर भारी मलबा और बोल्डर आने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है और मार्गों को खोलने तथा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।


Our News, Your Views