चारधाम यात्रा में तकनीक का सहारा: 24 घंटे निगरानी कर रहा UTDB का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, 45 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ निस्तारण

Our News, Your Views

चारधाम यात्रा में तकनीक का सहारा: 24 घंटे निगरानी कर रहा UTDB का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, 45 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ निस्तारण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) का गढ़ीकैंट स्थित अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आधुनिक तकनीक से लैस यह केंद्र चौबीसों घंटे यात्रा संचालन की निगरानी कर रहा है तथा यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान में अहम योगदान दे रहा है।

चारधाम यात्रा के लिए इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि 36 लाख से अधिक यात्री केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब सहित पांचों धामों के दर्शन कर चुके हैं। बढ़ती यात्री संख्या के बीच कमांड एंड कंट्रोल सेंटर यात्रा प्रबंधन की रीढ़ बनकर उभरा है।

कंट्रोल सेंटर में 35 से अधिक कार्मिक चार अलग-अलग शिफ्टों में कार्यरत हैं और यात्रा मार्गों, धामों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) स्तर पर भी चार सदस्यीय टीम यात्रा की सतत मॉनिटरिंग कर रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित इस केंद्र ने अब तक 45 हजार से अधिक शिकायतों एवं पूछताछ का सफल निस्तारण किया है। प्राप्त शिकायतों में हेलीकॉप्टर सेवा से संबंधित 4,469 मामले, यात्रा पंजीकरण से जुड़ी 31,942 शिकायतें, वाहन पंजीकरण संबंधी 1,370 प्रकरण, बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) की पूजा व्यवस्था से संबंधित 270 शिकायतें, जीएमवीएन टूर सेवाओं से जुड़ी 261 शिकायतें तथा अन्य 785 मामलों का समाधान शामिल है।

चारधाम यात्रा के दौरान मौसम की भूमिका को देखते हुए कंट्रोल सेंटर विशेष सतर्कता बरत रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान और मौसम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके श्रद्धालुओं को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जा रही हैं, जिससे यात्री अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकें और मौसम संबंधी जोखिमों से बच सकें।

इस वर्ष आधार आधारित पंजीकरण व्यवस्था लागू किए जाने से फर्जी पंजीकरणों पर प्रभावी रोक लगी है। इससे यात्रा प्रबंधन अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित हुआ है तथा वास्तविक यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्रशासन को मदद मिली है।

उप निदेशक पर्यटन एवं चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अमित लोहनी ने बताया कि मानसून को देखते हुए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय में 24 घंटे संचालित कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को पंजीकरण, यात्रा मार्ग, मौसम और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि अब तक 45 हजार से अधिक कॉल प्राप्त हो चुकी हैं, जिनका सफल निस्तारण किया गया है। साथ ही प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों के साथ साझा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर पंजीकृत यात्रियों को लगातार मौसम संबंधी अपडेट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और यात्रा को सरल, सुगम एवं सुरक्षित बनाने में UTDB का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में तकनीक आधारित यह व्यवस्था यात्रा प्रबंधन को अधिक प्रभावी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में अहम साबित हो रही है।


Our News, Your Views