देहरादून/ उत्तराखंड सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद वर्धन को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। 1992 बैच के आईएएस अधिकारी आनंद वर्धन 1 अप्रैल को पदभार ग्रहण करेंगे। वर्तमान मुख्य सचिव राधा रतूड़ी 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो रही हैं, जिसके बाद वर्धन यह जिम्मेदारी संभालेंगे। सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

उत्तराखंड में सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी
आनंद वर्धन उत्तराखंड कैडर के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वे शासन में अपर मुख्य सचिव (ACS) के पद पर कार्यरत हैं। राज्य में इस समय केवल एक ACS स्तर के अधिकारी मौजूद हैं, ऐसे में सरकार के पास मुख्य सचिव पद के लिए किसी अन्य नाम का विकल्प नहीं था।

कयासबाजी पर लगा विराम
लंबे समय से उत्तराखंड के नए मुख्य सचिव को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। आनंद वर्धन का नाम पहले से ही लगभग तय माना जा रहा था, क्योंकि वे राज्य के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं।

राधा रतूड़ी की सेवानिवृत्ति और संभावित नियुक्ति
राधा रतूड़ी को मुख्य सचिव पद पर दो बार छह-छह महीने का सेवा विस्तार मिला था, जो 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। रिटायरमेंट से पहले उन्होंने मुख्य सूचना आयुक्त पद के लिए आवेदन कर दिया है। राज्य सरकार को अप्रैल महीने में मुख्य सूचना आयुक्त पद पर नियुक्ति करनी होगी, क्योंकि आयोग में केवल एक सूचना आयुक्त बचेंगे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि राधा रतूड़ी को ही इस पद पर नियुक्त किया जा सकता है।

ब्यूरोक्रेसी में अहम बदलाव
आनंद वर्धन की नियुक्ति के साथ उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा में एक बड़ा बदलाव हुआ है। वे अब राज्य ब्यूरोक्रेसी के सबसे बड़े पद पर आसीन होंगे और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति से राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में नए बदलावों की उम्मीद जताई जा रही है।