पब्लिक एग्ज़ामिनेशन्स संशोधन विधेयक-2026 पारित होने पर सीएम धामी ने जताया आभार, कहा- ‘नकल मुक्त भारत’ को मिलेगी नई गति

Our News, Your Views

पब्लिक एग्ज़ामिनेशन्स संशोधन विधेयक-2026 पारित होने पर सीएम धामी ने जताया आभार, कहा- ‘नकल मुक्त भारत’ को मिलेगी नई गति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकसभा में पब्लिक एग्ज़ामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पारित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे देश के करोड़ों मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य की सुरक्षा तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह संशोधित कानून परीक्षा माफियाओं, पेपर लीक गिरोहों और संगठित नकल जैसे अपराधों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई को और अधिक सशक्त बनाएगा। इससे सार्वजनिक परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने में मदद मिलेगी और योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने का संकल्प लिया है। लोकसभा में इस संशोधन विधेयक का पारित होना उसी संकल्प की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न राज्यों में पेपर लीक और नकल से जुड़ी घटनाओं ने युवाओं की मेहनत और विश्वास को प्रभावित किया था। ऐसे में यह कानून परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संशोधित कानून लागू होने के बाद देशभर में परीक्षा प्रणाली और अधिक मजबूत होगी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का भरोसा और सुदृढ़ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय “नकल मुक्त भारत” के संकल्प को नई गति प्रदान करेगा और ईमानदारी से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए उठाया गया यह कदम देश की परीक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने वाला साबित होगा।


Our News, Your Views