31 जुलाई तक ले लें जुलाई माह का राशन, बाद में नहीं मिलेगा खाद्यान्न: जिला पूर्ति अधिकारी
देहरादून। जनपद के सभी राशन कार्डधारकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने कहा है कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 के लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खाद्यान्न का वितरण जिले की सभी उचित दर दुकानों (राशन डीलरों) के माध्यम से ई-पॉस मशीनों द्वारा किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जुलाई 2026 का खाद्यान्न केवल 31 जुलाई 2026 तक ही प्राप्त किया जा सकेगा। इसके बाद जुलाई माह का वितरण बंद हो जाएगा। ऐसे में सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने नजदीकी उचित दर विक्रेता से राशन प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण पूरी तरह ई-पॉस मशीनों के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न समय पर पहुंच सके।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और 31 जुलाई से पहले ही अपना खाद्यान्न प्राप्त कर लें, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी खाद्यान्न के लाभ से वंचित न रहे।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि राशन वितरण से संबंधित किसी प्रकार की समस्या होने पर लाभार्थी अपने संबंधित उचित दर विक्रेता अथवा पूर्ति विभाग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
