उत्तराखंड के युवाओं के लिए जापान में रोजगार के नए अवसर, जापानी प्रतिनिधिमंडल ने किया देहरादून का दौरा

Our News, Your Views

उत्तराखंड के युवाओं के लिए जापान में रोजगार के नए अवसर, जापानी प्रतिनिधिमंडल ने किया देहरादून का दौरा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर उत्तराखंड सरकार द्वारा युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को नई गति मिली है। इसी क्रम में मंगलवार को जापान की प्रतिष्ठित कंपनी अनाडुकी ग्लोबल करियर कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और दून विश्वविद्यालय का दौरा कर राज्य सरकार की कौशल एवं भाषा प्रशिक्षण योजनाओं का अवलोकन किया।

जापानी प्रतिनिधिमंडल में हिदेतारो उसुई, माई इकुता और मिहोको मात्सुमोतो शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड सरकार द्वारा युवाओं को जापानी भाषा एवं अंतरराष्ट्रीय रोजगार के लिए तैयार करने के प्रयासों की जानकारी ली तथा रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की।

छात्रों से किया संवाद, जापान में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, सर्वे चौक में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापानी भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से बातचीत की। उन्होंने छात्रों की भाषा दक्षता, तकनीकी कौशल और रोजगार संबंधी तैयारियों का आकलन किया।

प्रतिनिधियों ने छात्रों को जापानी भाषा के सही उच्चारण, व्यावहारिक संवाद, कॉरपोरेट एथिक्स और जापान की कार्य संस्कृति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जापान में आईटी, हॉस्पिटैलिटी, इंजीनियरिंग और केयरगिविंग जैसे क्षेत्रों में कुशल एवं जापानी भाषा जानने वाले युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है।

राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक अवसरों के लिए कर रही तैयार

निदेशक सेवायोजन नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण के साथ अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति और रोजगार संबंधी आवश्यक कौशल भी सिखाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जापान की प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों का उत्तराखंड आना राज्य के युवाओं के लिए सकारात्मक संकेत है, जिससे उन्हें विदेशों में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

दून विश्वविद्यालय में भाषा और वर्क कल्चर पर मंथन

जापानी प्रतिनिधिमंडल ने दून विश्वविद्यालय में जापानी भाषा विभाग के प्राध्यापकों एवं प्लेसमेंट प्रभारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में जापानी भाषा शिक्षा को अधिक रोजगारोन्मुख बनाने, शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने तथा विद्यार्थियों के लिए जापान में उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जापान में सफल करियर के लिए केवल भाषा का ज्ञान ही नहीं, बल्कि वहां की कार्य संस्कृति, सामाजिक व्यवहार और सांस्कृतिक मूल्यों की समझ भी आवश्यक है। दोनों पक्षों के बीच भविष्य में शैक्षणिक और कौशल विकास संबंधी सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी।

युवाओं के लिए खुलेंगे वैश्विक करियर के नए द्वार

मुख्यमंत्री के अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जापान समेत विभिन्न देशों के साथ बढ़ता सहयोग उत्तराखंड के युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण रोजगार और बेहतर करियर के नए रास्ते खोलेगा।

उन्होंने बताया कि जापानी प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार की पहल की सराहना की है और भविष्य में कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सहयोग जारी रखने पर सहमति जताई है। इससे उत्तराखंड के युवा वैश्विक रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को तैयार कर सकेंगे और उन्हें विदेशों में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।


Our News, Your Views