कांवड़ यात्रा 2026: एक्सप्रेसवे पर नहीं मिलेगी एंट्री, भगवानपुर बॉर्डर से ही डायवर्ट होंगे कांवड़िये

Our News, Your Views

कांवड़ यात्रा 2026: एक्सप्रेसवे पर नहीं मिलेगी एंट्री, भगवानपुर बॉर्डर से ही डायवर्ट होंगे कांवड़िये

देहरादून। 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) को कांवड़ियों की आवाजाही से पूरी तरह मुक्त रखना है, ताकि दिल्ली और देहरादून के बीच यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सके। इसके लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त रणनीति तैयार की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांवड़ियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर भगवानपुर बॉर्डर से ही श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इससे एक्सप्रेसवे पर सामान्य यातायात प्रभावित नहीं होगा और आपातकालीन सेवाओं का संचालन भी सुचारु बना रहेगा।

हरिद्वार से ऋषिकेश होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए रायवाला, ऋषिकेश और नीलकंठ मार्ग पर विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। पुलिस ने पार्किंग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण की विस्तृत योजना तैयार कर ली है। इसी के अनुरूप अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

नीलकंठ महादेव जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल क्षेत्र में मुख्य पार्किंग बनाई जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें और वहां से आगे की यात्रा व्यवस्थित ढंग से पूरी करें। इसके लिए पार्किंग स्थलों और संपर्क मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।

एसपी यातायात जितेंद्र चौहान ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ियों को न तो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर चलने की अनुमति होगी और न ही मसूरी की ओर जाने दिया जाएगा। वहीं पांवटा साहिब की ओर से आने वाले भारी वाहनों को यमुनानगर, सहारनपुर और हरिद्वार मार्ग से डायवर्ट करने की योजना बनाई गई है, जिससे देहरादून शहर पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।

डाक कांवड़ के दौरान पुलिस विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करेगी। भगवानपुर और देहरादून क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि एक्सप्रेसवे पूरी तरह खाली रहे और किसी भी स्थिति में श्रद्धालु इस मार्ग पर प्रवेश न कर सकें।

कांवड़ मेले के लिए जल्द ही विस्तृत सेक्टरवार ड्यूटी प्लान भी जारी किया जाएगा। रायवाला, ऋषिकेश और नीलकंठ मार्ग को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों (सीओ) और थाना प्रभारियों को सौंपी जाएगी। अगले दो से तीन दिनों में प्रस्तावित उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

एसपी यातायात जितेंद्र चौहान ने श्रद्धालुओं से पुलिस और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने, पहचान पत्र साथ रखने, नशे से दूर रहने तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा उपलब्ध कराना है।


Our News, Your Views